थराली बीडीसी बैठक में जमकर हंगामा, धन आवंटन में भेदभाव के आरोपों के बीच सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

चमोली: थराली विकासखंड सभागार में मंगलवार को आयोजित ब्लॉक विकास परिषद (बीडीसी) की बैठक उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने राज्य वित्त और 15वें वित्त आयोग की धनराशि के आवंटन में भेदभाव तथा सोलर स्ट्रीट लाइटों की खरीद में अनियमितता के आरोप लगाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग कर दी। लगातार विरोध और नारेबाजी के चलते बैठक अंततः अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करनी पड़ी।
बैठक की शुरुआत में चिडिंगा क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश जोशी और ग्वालदम क्षेत्र पंचायत सदस्य भावना रावत ने धन आवंटन में कथित पक्षपात और सोलर स्ट्रीट लाइट खरीद में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस विषय पर सदन में विस्तृत चर्चा कराने की मांग की।
इस मांग का समर्थन बूंगा क्षेत्र पंचायत सदस्य भानुप्रकाश, बैनोली क्षेत्र पंचायत सदस्य मनमोहन रावत, माल बज्वाड़ क्षेत्र पंचायत सदस्य बबिता रावत और सूना क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन देवराड़ी ने भी किया। इसके बाद सभी छह सदस्य सदन के बीच धरने पर बैठ गए और कथित अनियमितताओं की जांच तथा जवाबदेही तय करने की मांग पर अड़े रहे।
करीब दो घंटे तक हंगामे और शोर-शराबे के बीच बैठक संचालित करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन विरोध जारी रहने के कारण कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित और धरने पर बैठे सदस्यों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
स्थिति बिगड़ने पर प्रधान संगठन ने भी बैठक का बहिष्कार कर दिया। संगठन का आरोप था कि कुछ जनप्रतिनिधियों ने निजी स्वार्थ के चलते सदन की कार्यवाही बाधित की। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने बैठक को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।
हालांकि, कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा और समाधान के लिए बैठक जारी रखने की अपील की, लेकिन लगातार हंगामे के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।
प्रधान संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र रावत ने कहा कि अधिकांश ग्राम प्रधान 15 से 20 किलोमीटर दूर से पैदल चलकर बैठक में पहुंचे थे, लेकिन कुछ लोगों के विरोध के कारण सदन नहीं चल सका। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक स्थगित होने के बाद धरने पर बैठे क्षेत्र पंचायत सदस्यों, प्रधान संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र रावत और ब्लॉक प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने मीडिया के सामने अपने-अपने पक्ष रखे।




