उत्तराखण्ड

किसानों के भुगतान में देरी पर कृषि मंत्री सख्त, एक सप्ताह में विसंगतियां दूर करने के निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड में बागवानी और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं को गति देने के लिए कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एप्पल मिशन, पॉलीहाउस, कीवी, ड्रैगन फ्रूट समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

देहरादून में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य उद्यान अधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में खास तौर पर किसानों के लंबित भुगतान और योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही दिक्कतों पर चर्चा हुई।

लंबित भुगतान की विसंगतियां एक सप्ताह में होंगी दूर

कृषि मंत्री ने सेब उत्पादक किसानों समेत पॉलीहाउस, एप्पल मिशन, कीवी और अन्य योजनाओं के तहत लंबित भुगतानों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को भुगतान से जुड़ी सभी विसंगतियों को एक सप्ताह के भीतर दूर करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए लंबित मामलों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

कीवी और ड्रैगन फ्रूट को मिलेगा बढ़ावा

बैठक में पारंपरिक बागवानी के साथ नई फसलों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। कृषि मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में कीवी और ड्रैगन फ्रूट के उत्पादन की अच्छी संभावनाएं हैं।

उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को इन फसलों से जोड़ने और विभागीय योजनाओं के माध्यम से जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ फसल विविधीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

बुआई से पहले किसानों को उपलब्ध हों बीज

कृषि मंत्री ने सब्जियों और अन्य फसलों के बीज की उपलब्धता को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को बुआई से पहले ही पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध कराया जाए, ताकि बीज की कमी के कारण खेती प्रभावित न हो।

इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा गया।

पॉलीहाउस निर्माण में तेजी के निर्देश

बैठक में नाबार्ड योजना के तहत बनाए जा रहे पॉलीहाउस की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पॉलीहाउस संरक्षित खेती के लिए किसानों के लिए महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए निर्माण और किसानों को इससे जोड़ने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

मधुमक्खी पालन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

समीक्षा बैठक में मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में मौन पालन के जरिए किसानों की आय बढ़ाने की बड़ी संभावनाएं हैं।

उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को मधुमक्खी पालन से जोड़ने, प्रशिक्षण देने और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता केवल बजट खर्च होने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ सीधे किसानों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए योजनाओं की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button