देहरादून में जलाल शाह बाबा की दरगाह में तोड़फोड़, करीब 8 हजार रुपये चोरी का आरोप

देहरादून: चकराता रोड स्थित ऐतिहासिक जलाल शाह बाबा की दरगाह में देर रात कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बारिश का फायदा उठाकर 5-6 संदिग्ध लोग दरगाह परिसर में घुसे और दरवाजा तोड़कर मजार को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा दान में चढ़ाई गई करीब 8 हजार रुपये की धनराशि भी चोरी कर ली गई।
घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती हैं। लोगों के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। कुछ दिन पहले घोसी गली में भी मजार तोड़े जाने की घटना सामने आई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उस मामले में भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
मजार वाली गली, चकराता रोड निवासी ओम प्रकाश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनका आवास मजार की समिति से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। उन्होंने बताया कि विगत रात्रि करीब 12:30 बजे 5-6 संदिग्ध लोग उनकी संपत्ति में घुसे और ऐतिहासिक जलाल शाह बाबा की दरगाह का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद मजार को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्रीय जनता में पुलिस प्रशासन को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह की घटनाएं लगातार होती रहीं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूरन पुलिस प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ेगा।




