सोशल मीडिया पर दोस्ती कर 8वीं की छात्रा को होटल बुलाया, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म का आरोप

ऋषिकेश: सोशल मीडिया के जरिए आठवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से दोस्ती कर उसे ऋषिकेश के एक होटल में बुलाने और नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार घटना बीते शनिवार शाम करीब छह से सात बजे के बीच की बताई जा रही है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि नाबालिग का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस एक मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस होटल के एंट्री रजिस्टर की भी जांच कर रही है। साथ ही होटल संचालक से पूछताछ की जा रही है, ताकि आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा सके। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।




