कांवड़ यात्रा और कुंभ से पहले बड़ी कार्रवाई, हरिद्वार में रेलवे की 10 बीघा जमीन कब्जामुक्त

हरिद्वार: आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले की तैयारियों के बीच हरिद्वार में प्रशासन ने रेलवे की करीब 10 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बड़ा अभियान चलाया। सिटी मजिस्ट्रेट हरि गिरी के नेतृत्व में रेलवे, जिला प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे भूमि पर बनी 50 से अधिक अवैध झुग्गी-झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार रेलवे लाइन के निकट स्थित भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। प्रशासन द्वारा पूर्व में कब्जाधारकों को कई बार नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू करने से पहले झुग्गियों में रह रहे लोगों को सामान हटाने के लिए लगभग दो घंटे का अतिरिक्त समय दिया गया।
निर्धारित समय समाप्त होने के बाद जेसीबी मशीनों की सहायता से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया और अधिकारियों के साथ हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया गया।
कार्रवाई के दौरान झुग्गियों से बिजली के तार, कूलर, पंखे और अन्य घरेलू सामान बरामद हुए। अधिकारियों का कहना है कि इससे संकेत मिलता है कि लंबे समय से यहां लोगों का निवास था। कुछ लोगों ने दावा किया कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और उनके वोट भी बने हुए हैं, हालांकि कार्रवाई के दौरान वे संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
अतिक्रमण हटाने के दौरान एक झुग्गी अचानक गिर गई, जिसके नीचे तीन से चार पुलिसकर्मी और रेलवे कर्मचारी दब गए। राहत की बात यह रही कि झुग्गियां बांस की बनी होने के कारण किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
सिटी मजिस्ट्रेट हरि गिरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले से पहले शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों को पर्याप्त समय और नोटिस दिए गए थे, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




