होमस्टे में महिला की मौत, बीएसएफ जवान पर जहर देकर हत्या का आरोप

देहरादून: राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक बीएसएफ जवान पर अपनी महिला मित्र को कथित रूप से जहर देकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद जवान ने भी कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी उस समय मिली जब आरोपी की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन भेजी और बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है तथा खुद भी जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मियांवाला चौक स्थित एक होमस्टे पहुंची।
मौके पर एक कमरे में 38 वर्षीय बीएसएफ जवान, निवासी मोहब्बेवाला (क्लेमेंटाउन), अचेत अवस्था में मिला, जबकि 40 वर्षीय महिला, निवासी गूलरघाटी (नकरौंदा), मृत पाई गई। पुलिस ने जवान को पहले नजदीकी अस्पताल और फिर दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। छुट्टी पर घर आया बीएसएफ जवान पिछले दो दिनों से महिला के साथ उक्त होमस्टे में ठहरा हुआ था। मृतका के पति ने डोईवाला कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और इसी के चलते घटना को अंजाम दिया गया।
घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के पति की शिकायत के आधार पर आरोपी बीएसएफ जवान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।




