रुद्रपुर के दो सगे भाइयों पर युवती से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, कोतवाली में मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि रुद्रपुर निवासी दो सगे भाइयों ने एक युवती को बहाने से दुबई ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में दिल्ली में भी होटल में बारी-बारी से वारदात को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब दो वर्ष पूर्व युवती की मुलाकात रुद्रपुर निवासी गौरव सिंह और साहिल सिंह से हुई थी। दोनों आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं। पीड़िता मूल रूप से पंजाब के पटियाला की रहने वाली है और उस समय ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टडी वीजा आवेदन की प्रक्रिया में थी। इसी दौरान वह आरोपियों के संपर्क में आई।
आरोप है कि दोनों युवक उसे बहाने से दुबई लेकर गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने और किसी को बताने पर उसे डराया-धमकाया गया। इसके बाद युवती को दिल्ली बुलाकर होटल में फिर से दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। चूंकि आरोपी रुद्रपुर के निवासी हैं, इसलिए प्रकरण को एसएसपी कार्यालय पटियाला से रुद्रपुर पुलिस कार्यालय स्थानांतरित किया गया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




