उत्तराखण्ड

पौड़ी से राहुल गांधी का चुनावी शंखनाद आज, पूर्व सैनिकों से भी करेंगे संवाद

पौड़ी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी गुरुवार को पौड़ी गढ़वाल से उत्तराखंड में कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान राहुल गांधी पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस ने उनके दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।

कांग्रेस के अनुसार राहुल गांधी दोपहर 1:45 बजे पौड़ी पहुंचेंगे, जहां कंडोलिया मैदान में आयोजित कार्यक्रम में करीब एक घंटे तक पूर्व सैनिकों के साथ संवाद करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, मंत्री प्रसाद नैथानी, विधायक लखपत बुटोला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

राहुल गांधी के दौरे को कांग्रेस ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मान रही है। पार्टी नेताओं के अनुसार पौड़ी की धरती पर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं। कांग्रेस इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए आगामी चुनावों के लिए राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है।

दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह सतर्क हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात की अध्यक्षता में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधिकारियों और राहुल गांधी की सुरक्षा टीम ने भाग लिया। वीआईपी रूट, सुरक्षा प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान कोटद्वार के दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद दीपक’ से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसके बाद उनका रात्रि विश्राम मसूरी में प्रस्तावित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button