उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओलावृष्टि और 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं। इसके अलावा प्रदेशभर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों, ट्रेकर्स और चारधाम यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है। खराब मौसम के कारण संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका भी बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी 7 जून तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। लगातार बादल छाने और बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।



