उत्तराखण्ड

देहरादून में दरगाह में तोड़फोड़ और मारपीट का मामला, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

देहरादून। डालनवाला क्षेत्र के रेंजर्स ग्राउंड स्थित दरगाह बाबा जमात शाह में कथित तौर पर घुसकर तोड़फोड़ और खादिम से मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, दरगाह के बुजुर्ग खादिम को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई और मजार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मामले में पुलिस ने बजरंग दल से जुड़े दो कार्यकर्ताओं को नामजद करते हुए 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, दरगाह के खादिम मकसूद अहमद ने इस संबंध में शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार को बजरंग दल के अमन स्वेडिया और सिद्धार्थ बड़ोनी अपने 20 से 25 साथियों के साथ दरगाह परिसर में पहुंचे। शिकायत में कहा गया है कि उनके पास हथौड़े, लाठी और डंडे थे और उन्होंने कथित तौर पर जबरन परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान मजार को क्षतिग्रस्त किया गया और बुजुर्ग खादिम मकसूद अहमद को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस घटना के जरिए क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अमन स्वेडिया और सिद्धार्थ बड़ोनी को नामजद करते हुए 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button