नाबालिग दुष्कर्म मामला: हिंदू संगठनों के हंगामे के बाद एक्शन तेज, 4 नामजद और 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज,

देहरादून: नगर कोतवाली क्षेत्र के लख्खी बाग (झंडा बाजार) में बीते दिन एक 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. आरोपी चूड़ी व्यापारी के यहां काम करता था. जिसके बाद हिंदू संगठनों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की थी. मामले में हिंदू संगठन के कुछ लोगों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. मामले में दुकान के मालिक की तरफ से थाने में तहरीर दी गई. तहरीर में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने दुकान में घुसकर धार्मिक टिप्पणियां करते हुए उस पर लाठी-डंडों और कड़े से हमला किया. हमले में दुकान का डीवीआर और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. जिस पर पुलिस ने चार नामजद और 20 से 25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही पुलिस द्वारा नाबालिग पीड़िता के मेडिकल की प्रक्रिया चल रही है और जल्द रिपोर्ट आ जाएगी,
कोतवाली देहरादून में दर्ज एफआईआर के अनुसार झंडा बाजार स्थित बैंगल्स संचालक (विशेष समुदाय) ने शिकायत दी कि 18 जून की शाम करीब छह बजे वह अपनी दुकान पर काम में व्यस्त थे. इसी दौरान ललित सिंह, अमन स्वेडिया, सिधांत बड़ोनी और रोहित मौर्य अपने 20 से 25 साथियों के साथ दुकान में घुस आए. आरोपियों ने उनके धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की और देखते ही देखते हमला शुरू कर दिया,
साथ ही दुकान मालिक ने तहरीर में पुलिस को बताया कि उनकी दुकान में घुसकर आरोपियों ने लाठी-डंडों और कड़े से हमला किया और ऐसा लग रहा था कि हमलावरों की मंशा उनकी हत्या करने की थी. हमले के दौरान दुकान में अफरातफरी मच गई और उसने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया. इससे कारोबारी को आर्थिक नुकसान भी हुआ,
पीड़ित दुकानदार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर में ललित सिंह, अमन स्वेडिया, सिधांत बड़ोनी और रोहित मौर्य को नामजद और घटना में शामिल 20 से 25 अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. जिन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है.
-हरिओम चौहान,नगर कोतवाली प्रभारी-
नगर कोतवाली प्रभारी हरिओम चौहान ने बताया है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच उपनिरीक्षक रवि प्रसाद कवी को सौंपी है. पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है. जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी,
गौर हो कि बीते दिन देहरादून के लक्खी बाग में एक किशोरी (14 साल) से दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद भारी विवाद हो गया था. मामले में आरोप है कि किराए पर रहने वाली एक परिवार की नाबालिग बच्ची के साथ उसी के मकान मालिक के भांजे ने शौचालय में ले जाकर रेप करने का आरोप है. जिसके बाद हिंदू संगठनों ने हंगामा शुरू कर दिया था और आरोपी जिस दुकान में काम करता था वहां जमकर तोड़फोड़ की थी,




