उत्तराखण्ड

रुद्रप्रयाग में बड़ा सड़क हादसा, ओवरटेक करते समय पलटी मैक्स गाड़ी, 8 घायल

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार सुबह बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में मैक्स वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आठ अन्य यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया गया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन श्रीनगर से रुद्रप्रयाग की ओर आ रहा था। इसी दौरान नारकोटा और रुद्रप्रयाग के बीच झिरमोली क्षेत्र के पास चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक करते समय वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन हाईवे से नीचे गुजर रही सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना सुबह करीब 10 बजकर 7 मिनट पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए। 108 एम्बुलेंस सेवा, स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

चालक की हालत गंभीर

स्थानीय पुलिस और राहत टीम ने सभी घायलों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार आठ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने बताया कि जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

वहीं एआरटीओ धर्मेंद्र बिष्ट ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह ओवरटेक के दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है।

पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील

स्थानीय लोगों का कहना है कि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह तीखे मोड़ और संकरी सड़कें हैं। तेज रफ्तार और गलत तरीके से ओवरटेक करना अक्सर दुर्घटनाओं की वजह बनता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button