अंबेडकर जयंती को लेकर देहरादून में रूट डायवर्जन प्लान जारी, आज लागू रहेगा ट्रैफिक बदलाव

देहरादून | अंबेडकर जयंती शोभा यात्रा के दृष्टिगत देहरादून में 14 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:30 बजे से रूट डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। शोभा यात्रा डीएल रोड से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अंबेडकर ग्राउंड पर समाप्त होगी।
प्रमुख मार्गों पर यातायात रहेगा प्रभावित,लगेगे डायवर्जन और बैरियर
शोभा यात्रा का मार्ग डीएल रोड, बेनी बाजार, सुभाष रोड (PHQ), पैसिफिक तिराहा, ग्लोब चौक, ओरियंट चौक, गांधी पार्क, अंबेडकर पार्क, पल्टन बाजार, राजा रोड, गांधी रोड, तहसील चौक, दर्शनलाल चौक, लैंसडाउन चौक, कनक चौक, रोजगार तिराहा, सर्वे चौक, करनपुर बाजार, नालापानी रोड होते हुए अंबेडकर चौक से अंबेडकर ग्राउंड तक निर्धारित किया गया है।
शोभा यात्रा के दौरान यातायात संचालन सामान्य रहेगा, लेकिन भीड़ या दबाव की स्थिति में कई स्थानों पर डायवर्जन किया जाएगा।
भीड़ बढ़ने पर कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा
डीएल रोड से बेनी बाजार तक यात्रा पहुंचने पर बहल चौक से ग्लोब चौक की ओर यातायात भेजा जाएगा। इसी प्रकार सर्वे चौक से बेनी बाजार जाने वाला ट्रैफिक आंशिक रूप से डायवर्ट रहेगा।
पैसिफिक तिराहा, ग्लोब चौक, ओरियंट चौक और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी आवश्यकतानुसार यातायात को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।
घंटाघर, दर्शनलाल चौक, लैंसडाउन चौक और तहसील चौक क्षेत्रों में भी यात्रा के दौरान ट्रैफिक पूरी तरह नियंत्रित रहेगा।
कुछ मार्गों पर पूर्ण प्रतिबंध, आपातकालीन सेवाएं रहेंगी चालू
शोभा यात्रा के दौरान कई स्थानों पर यातायात पूर्ण रूप से रोका जाएगा, जिसमें दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, लैंसडाउन चौक और कनक चौक प्रमुख हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर जाने दिया जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का प्रयोग न करें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।




