उत्तराखण्ड

रामनगर में दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता! पति, सास, जेठ और ननद गिरफ्तार

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था।

मामला रामनगर के खताड़ी क्षेत्र का है। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में तहरीर देकर अपनी बेटी कोहिनूर की हत्या का आरोप लगाया था।

तहरीर के अनुसार, कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर निवासी उवेश के साथ हुआ था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सामान दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के बीच 16 अक्टूबर को कोहिनूर की हत्या कर दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, विवेचना और पूछताछ में दहेज तथा पारिवारिक मामलों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन कहासुनी के बाद परिवार के अन्य सदस्य भी विवाद में शामिल हो गए थे। आरोप है कि कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया और उसके हाथ-पैर पकड़कर दबाव बनाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए उसके गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति उवेश, सास नसरीन, जेठ अनस और ननद शबा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button