उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का बढ़ता कहर, मिले 25 नए मरीज; कुल आंकड़ा पहुंचा 383 तक

देहरादून: उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को प्रदेश में 25 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही इस साल अब तक सामने आए कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 383 हो गई है। इनमें 67 मरीज अभी उपचाराधीन हैं और अलग-अलग अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा है। सबसे ज्यादा 258 मरीज देहरादून जिले में सामने आए हैं।

स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए मरीजों की स्क्रीनिंग बढ़ाने के साथ ही रैपिड रिस्पांस टीमों को सक्रिय किया गया है। किसी क्षेत्र में संक्रमित मरीज मिलने पर टीमें मौके पर पहुंचकर उसके संपर्क में आए लोगों की जांच कर रही हैं। साथ ही मरीज की यात्रा का विवरण भी खंगाला जा रहा है, ताकि संक्रमण के स्रोत और संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कई टीमें लगातार काम कर रही हैं। प्रयास है कि संक्रमण बड़े स्तर पर न फैले और स्थिति आउटब्रेक में तब्दील न हो।

वहीं, देहरादून जिले में डेंगू के मामले भी बढ़ रहे हैं। बुधवार को पांच नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 145 हो गई है। इनमें 17 मरीज अभी सक्रिय हैं और विभिन्न अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। बुधवार को मिले सभी पांच मरीज देहरादून के रहने वाले हैं। इसके अलावा चिकनगुनिया के भी दो नए मरीज मिले हैं।

डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें घर-घर जाकर लार्विसाइड का छिड़काव कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मच्छरों के प्रजनन स्थल खत्म करने के साथ ही लोगों को आसपास पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेश में स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में स्क्रीनिंग बढ़ाने के साथ मरीजों की निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रोकथाम के उपायों में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button