रुद्रपुर में बेकाबू डंपर का कहर, अनियंत्रित डंपर की चपेट में आया युवक ,मौके पर मौत

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित व्यस्त गल्ला मंडी चौक पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने सड़क किनारे खड़े युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गल्ला मंडी चौक पर मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब तीन बजे गल्ला मंडी चौक पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक प्रसाद लेकर गल्ला मंडी की ओर से चौराहे की तरफ आ रहा था और सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान काशीपुर की ओर से आ रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि चालक ने सामने चल रहे वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण खो बैठा और डंपर युवक को टक्कर मारते हुए उसके ऊपर से गुजर गया।
हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान का प्रयास जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह रम्पुरा क्षेत्र का निवासी है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस परिजनों का पता लगाने और मृतक की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।
फरार चालक की तलाश में पुलिस
रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।




