उत्तराखण्ड

बारिश ने फिर बढ़ाई मुश्किल, चीरबासा में मलबा आने से केदारनाथ यात्रा रुकी

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास सोमवार को फिर मलबा और पत्थर आने से रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सोनप्रयाग और गौरीकुंड से केदारनाथ धाम की ओर यात्रियों की आवाजाही रोक दी है। वहीं, धाम से लौट रहे यात्रियों को बीच के पड़ावों पर रोककर सुरक्षित स्थानों पर रखा जा रहा है।

गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर आगे चीरबासा के पास सुबह से पैदल मार्ग के सुधारीकरण और मरम्मत का काम चल रहा था। इस दौरान धाम से लौट रहे यात्रियों को भी सुरक्षित पार कराया जा रहा था। इसी बीच बारिश होने से दोबारा मलबा और पत्थर आने के कारण मार्ग बंद हो गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि चीरबासा में लगातार बारिश के कारण पैदल मार्ग पर दोबारा मलबा और पत्थर आए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सोनप्रयाग और गौरीकुंड से आगे की यात्रा रोक दी गई है। मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही आगे की आवाजाही को लेकर निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं।

प्रशासन ने यात्रियों से सोनप्रयाग और गौरीकुंड में ही रुकने तथा मार्ग सामान्य होने तक आगे नहीं बढ़ने की अपील की है। वहीं, सोमवार सुबह मौसम सामान्य रहने पर हेली सेवा के माध्यम से यात्रियों ने केदारनाथ धाम की यात्रा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button