उत्तराखण्ड

हरिद्वार नगर निगम में ताले, कर्मचारियों की हड़ताल से जनसेवाएं बाधित

हरिद्वार: नगर निगम कर्मचारियों और व्यापारियों के बीच हुए विवाद के बाद हरिद्वार में निगम कर्मचारियों की हड़ताल शुरू हो गई है। बुधवार सुबह से सफाई कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा, जबकि नगर निगम कार्यालय के अधिकांश अनुभाग भी बंद रहे। मुख्य नगर आयुक्त के कार्यालय को छोड़कर अन्य कमरों पर ताले लटके रहे।

 

संयुक्त मोर्चे के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारी नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गए। हड़ताल के चलते शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है और कई स्थानों पर कूड़े के ढेर जमा होने लगे हैं। कर्मचारी अभद्रता के आरोपी व्यापारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।

 

दरअसल, आगामी कांवड़ और कुंभ मेले की तैयारियों के तहत नगर निगम द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान भीमगोडा से वाल्मीकि चौक तक कार्रवाई के दौरान एक ढाबे के बाहर रखे जनरेटर का चालान काटने को लेकर निगम कर्मचारियों और व्यापारियों के बीच विवाद हो गया था।

 

निगम कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि व्यापारियों ने उनके साथ अभद्रता की और चालान बुक छीनने का प्रयास किया। इस संबंध में सहायक नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने नगर कोतवाली में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण उन्होंने कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया।

 

विवाद के बाद व्यापारियों ने भी धरना दिया था, जिसे प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया। हालांकि निगम कर्मचारियों ने बुधवार को हड़ताल जारी रखी। हड़ताल के कारण न तो कूड़ा उठाने वाले वाहन निकले और न ही शहर में नियमित सफाई कार्य हो सका।

 

हरिद्वार नगर निगम में नियमित, संविदा और आउटसोर्स सहित करीब 850 कर्मचारी कार्यरत हैं। निगम क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 200 टन कूड़ा निकलता है। ऐसे में हड़ताल लंबी खिंचने पर शहर की सफाई व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है। साथ ही हाउस टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी सेवाएं भी बाधित हो रही हैं।

 

उत्तराखंड राज्य कर्मचारी परिषद के महामंत्री धनकार कौशल ने कहा कि निगम टीम के साथ अभद्र व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आयोजक सुरेंद्र तेश्वर ने कहा कि जब तक संबंधित व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

 

उधर, मुख्य नगर आयुक्त ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की शिकायत पुलिस को दी गई है। मामले की जांच की जा रही है और कर्मचारियों से वार्ता कर जल्द हड़ताल समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button