निजी स्कूल में फिजिक्स टीचर पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

देहरादून। राजधानी के एक निजी स्कूल में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि जांच के लिए महिला अधिकारी को नियुक्त किया गया है, रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को स्कूल में इस मामले को लेकर काफी हंगामा हुआ। छात्रा की मां ने फिजिक्स के शिक्षक पर आरोप लगाया कि वह करीब डेढ़ महीने से उनकी बेटी को परेशान कर रहा है और गलत तरीके से छूता है।
परिजन के मुताबिक 15 अक्टूबर को उन्होंने प्रिंसिपल को लिखित शिकायत दी थी, जिस पर 15 छात्राओं के साइन थे। आरोप है कि स्कूल ने शिक्षक पर कार्रवाई नहीं की, बल्कि छात्रा पर ही मामला दबाने का दबाव बनाया गया।
पीड़ित छात्रा की मां ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।




