उत्तराखण्ड

उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी पहल, प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग देगी सरकार

देहरादून: उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सरकार जल्द ही बड़ी पहल शुरू करने जा रही है। प्रदेश सरकार ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ शुरू करने की तैयारी में है। योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

 

इस योजना का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, ऑनलाइन कोचिंग और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। खास बात यह है कि इसके लिए युवाओं को अलग से महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठाना पड़ेगा।

 

इन छात्रों को मिलेगा योजना का लाभ

 

‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का लाभ प्रदेश के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को मिलेगा। योजना के तहत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन शिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

 

इसमें संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (PCS), CDS, बैंकिंग, रेलवे और SSC समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं।

 

प्रवेश और पात्रता परीक्षाओं की भी तैयारी

 

सरकार की योजना केवल सरकारी नौकरी की प्रतियोगी परीक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगी। इसके तहत CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी भी कराई जाएगी।

 

इससे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन और अध्ययन संसाधन उपलब्ध होने की उम्मीद है।

 

कैबिनेट में हो चुका है विचार-विमर्श

 

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना को लेकर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान कैबिनेट बैठक में भी विचार-विमर्श किया गया था। अब सरकार इसे जल्द धरातल पर उतारने की तैयारी में जुटी है।

 

योजना के शुरू होने से प्रदेश के युवाओं को घर बैठे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। सरकार का मानना है कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के समान अवसर मिलेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button