गुजरात से लाई जा रही 1.55 करोड़ नकदी देहरादून में पकड़ी, आयकर विभाग की जांच शुरू

देहरादून: राजधानी में पुलिस चेकिंग के दौरान करोड़ों रुपये की नगदी बरामद होने से हड़कंप मच गया। कैंट थाना पुलिस ने राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में आयकर विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
चेकिंग के दौरान रोकी गई स्कॉर्पियो
पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को नियमित चेकिंग के दौरान वाहन संख्या MH12XT 3245 (महिंद्रा स्कॉर्पियो) को रोका गया। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम सतीश भाई (उम्र 51 वर्ष) निवासी विसनागर, जिला मेहसाणा, गुजरात बताया। साथ में बैठे अन्य व्यक्तियों ने अपने नाम ठाकुर जसवंत संघ बनाजी निवासी पाटन, गुजरात और सचिन पटेल निवासी विसनागर, गुजरात बताए।
वाहन के दस्तावेज मांगने पर चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह होने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने गाड़ी में भारी मात्रा में नकदी होने की बात स्वीकार की।
सीक्रेट केबिन में छिपा रखी थी नकदी
पुलिस ने उच्चाधिकारियों को सूचना देने के बाद आयकर विभाग को मौके पर बुलाया। अधिकारियों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर वाहन की बीच और पिछली सीट के बीच बने एक गुप्त केबिन से बड़ी मात्रा में नगदी बरामद हुई।
चालक बरामद धनराशि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह रकम बनारस से लेकर आया था और उसे जसवंत को सौंपना था।
आयकर विभाग करेगा आगे की कार्रवाई
मौके पर पहुंचे आयकर विभाग के अधिकारियों ने तीनों व्यक्तियों के बयान दर्ज किए और नकदी का आकलन शुरू कर दिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी। पुलिस ने वाहन को सीज कर लिया है।
बरामदगी
नकद राशि – लगभग 1,55,00,000 रुपये
वाहन – महिंद्रा स्कॉर्पियो (MH12XT 3245)
पुलिस टीम
स्वप्निल मुयाल, क्षेत्राधिकारी नगर
निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक कैंट
उपनिरीक्षक विनयता चौहान, चौकी प्रभारी बिंदाल
अन्य पुलिसकर्मी
आयकर विभाग टीम
पंकज खत्री, सहायक आयकर निदेशक
शशांक पाल, आयकर निरीक्षक
कमलेश पंत, आयकर निरीक्षक
फिलहाल मामले में धनराशि के स्रोत और उपयोग को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है।




