बदरीनाथ धाम यात्रा पर एटीएस की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था हुई और कड़ी

चमोली। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने से पहले ही यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चमोली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। प्रशासन ने यात्रा के सुचारू और सुरक्षित संचालन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
धाम क्षेत्र में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए बहु-स्तरीय सुरक्षा प्लान लागू किया गया है। इसके तहत सभी प्रवेश मार्गों, प्रमुख स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए विशेष रणनीति तैयार की है।
इसके साथ ही पूरे यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा बलों द्वारा नियमित चेकिंग अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सबसे अहम कदम के तहत आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) को भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया है। एटीएस की तैनाती के बाद बदरीनाथ धाम की सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।




