उत्तराखण्ड

रुड़की में स्वास्थ्य विभाग का औचक निरीक्षण, अनियमितताएं मिलने पर तीन संस्थान सील

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निजी नर्सिंग होम और क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं के बाद टीम ने ममता नर्सिंग होम, जनता क्लीनिक और शुक्ला क्लीनिक को सील कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई से अन्य निजी अस्पताल और क्लीनिक संचालकों में भी हड़कंप मच गया।

यह कार्रवाई रजिस्ट्रीकरण प्राधिकरण कार्यालय के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. रमेश कुंवर के निर्देशन में की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रुड़की क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान संस्थानों की ओर से उपलब्ध कराए गए रिकॉर्ड और मौके पर मौजूद वास्तविक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कुछ संस्थानों में विभाग को उपलब्ध कराई गई चिकित्सकों की सूची के अनुसार संबंधित चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं मिले। विभाग ने पंजीकरण के आधार पर संचालित स्वास्थ्य संस्थानों में नियमों के पालन, चिकित्सकों की उपलब्धता और निर्धारित मानकों को लेकर सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं।

एसीएमओ राजेश कुंवर ने कहा कि पंजीकरण के आधार पर संचालित होने वाले संस्थानों में नियमों का पालन, चिकित्सकों की उपलब्धता और निर्धारित मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

निरीक्षण के दौरान उपलब्ध व्यवस्थाओं और संस्थानों के संचालन से जुड़े मानकों की जांच के बाद नियमों के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए ममता नर्सिंग होम, जनता क्लीनिक और शुक्ला क्लीनिक को सील किया गया। विभाग की इस कार्रवाई को निजी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. राव, सहायक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी अंशु तोमर और जूनियर असिस्टेंट सोहेल शामिल रहे। विभाग की कार्रवाई के बाद आने वाले दिनों में अन्य नर्सिंग होम, क्लीनिक और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के निरीक्षण की भी संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button