उत्तराखण्डदेहरादून

मसूरी रोड शिव मंदिर पुल का सीएम धामी ने किया निरीक्षण, 2–3 माह में स्थायी पुल पूरा करने का लक्ष्य

देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हालिया बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल की मरम्मत और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों का आवागमन होता है। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से आवागमन हेतु वैली ब्रिज का निर्माण तेजी से किया जा रहा है, जो शीघ्र ही पूर्ण कर संचालित कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। लक्ष्य है कि आगामी दो से तीन माह के भीतर स्थायी पुल का कार्य पूर्ण कर लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों और पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं पुल निर्माण से संबंधित अनेक परियोजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं, जिससे दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि आगामी चारधाम यात्रा और आदि कैलाश यात्रा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button