उत्तराखण्ड

पूर्व प्रेमिका ने दी 5 लाख की सुपारी, बैंककर्मी पर फायरिंग का दून पुलिस ने किया खुलासा

देहरादून: कोतवाली पटेल नगर के बड़ोवाला क्षेत्र में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका ही हत्या की साजिश की मास्टरमाइंड निकली। प्रेमी के दूसरी युवती से सगाई करने से नाराज पूर्व प्रेमिका ने उसकी हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को बड़ोवाला क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने ज्वालापुर निवासी बैंककर्मी सत्यम कुमार को गोली मार दी थी। सत्यम अपनी बहन के साथ स्कूटी से घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बदमाशों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रोक लिया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

11 सितंबर को पुलिस को दोनों शूटरों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली। गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो चाय बागान की पगडंडी के पास बदमाश बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी लक्सर निवासी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पूछताछ में घायल आरोपी अंकित ने पुलिस को बताया कि रानीपुर निवासी मोहित के जरिए उसकी मुलाकात ज्वालापुर निवासी मालिया रहमान से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मालिया के कहने पर उसने अपने साथी अंकुर के साथ सत्यम की हत्या की कोशिश की थी। इसके लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय हुआ था और उसे 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि मालिया और सत्यम वर्ष 2020 से एक-दूसरे के संपर्क में थे और करीब पांच साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। वर्ष 2023 में मालिया ने परिवार के दबाव में शादी कर ली, लेकिन सत्यम से उसका संपर्क जारी रहा। बाद में उसका विवाह टूट गया। वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया।

पुलिस के मुताबिक, फरवरी 2026 में सत्यम ने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने मालिया से दूरी बनानी शुरू कर दी और उसे सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

जांच के अनुसार, मालिया ने अंकित को सत्यम की फोटो और देहरादून स्थित उसके बैंक कार्यालय की जानकारी दी थी। इसके बाद 8 सितंबर को अंकित और अंकुर ने बड़ोवाला क्षेत्र में सत्यम पर फायरिंग की।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद बची हुई रकम लेने के लिए अंकित और अंकुर दोबारा देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस ने अंकित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया। फरार आरोपी अंकुर की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी अंकित का पूर्व का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। मामले में बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button