छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में हरिद्वार में प्रदर्शन, भाजपा नेता की गाड़ी घिरी

हरिद्वार: दिल्ली में संसद घेराव के दौरान छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में गुरुवार शाम हरिद्वार में सैकड़ों युवाओं ने मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूथ फॉर हरिद्वार के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ऋषिकुल मैदान से शुरू हुआ मशाल जुलूस भगत सिंह चौक तक पहुंचा। इसी दौरान सड़क से गुजर रही भाजपा का झंडा लगी एक गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने रोक लिया। बताया जा रहा है कि वाहन में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सवार थे। गाड़ी रुकते ही प्रदर्शनकारी नारेबाजी करने लगे, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
हालात बिगड़ते देख कांग्रेस के प्रदेश महासचिव महेश प्रताप राणा और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर वाहन को सुरक्षित वहां से निकलवाया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक आगे बढ़ गए और भगत सिंह चौक पहुंचकर सभा आयोजित की।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने आरोप लगाया कि देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता लगातार सवालों के घेरे में है। नीट समेत विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक तथा अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका कहना था कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
समाजसेवी पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि छात्रों की आवाज को लाठियों के बल पर दबाने का प्रयास लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से होना चाहिए। यदि परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं तो सरकार को इसकी जवाबदेही तय करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता अशोक शर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं से छात्रों और उनके अभिभावकों की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। ऐसे में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
वहीं, कांग्रेस नेता महेश प्रताप सिंह राणा ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना हर नागरिक का अधिकार है और सरकार को विरोध की आवाज सुननी चाहिए, न कि उसे दबाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




