25 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, पश्चिम बंगाल से दो आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड : एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के दो सदस्यों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी साइबर अपराधियों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध कराने का काम करते थे।
मामला मार्च 2026 का है, जब देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर बदल दिया तथा उनकी कंपनी के बैंक खाते से लगभग 24.95 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान साइबर पुलिस को मिले तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों के तार पश्चिम बंगाल से जुड़े मिले। इसके बाद एसटीएफ की टीम 14 जून को पश्चिम बंगाल रवाना हुई और 18 जून को 24 परगना क्षेत्र से तपन बिस्वास और उत्तम कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 डेबिट कार्ड, 3 मोबाइल फोन, विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, ब्लैंक चेक, खाता खोलने के फॉर्म और अन्य बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अलग-अलग लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंकिंग जानकारी साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। आरोपी उत्तम कुमार दास ने अपने नाम से भी कई बैंक खाते खोलकर उनकी जानकारी साइबर अपराधियों को देने की बात कबूल की है।
जांच में सामने आया कि आरोपी तपन बिस्वास संदिग्ध बैंक खातों के संचालन और ठगी की रकम के लेनदेन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। वहीं, उत्तम कुमार दास के खाते में पीड़ित की ठगी गई रकम की दूसरी लेयर में ट्रांसफर होने के प्रमाण मिले हैं।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी संगठित साइबर अपराध गिरोह के लिए बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का कार्य करते थे। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की जांच आगे भी जारी है।




