उत्तराखंड में मॉनसून का असर तेज, रुद्रप्रयाग में अलर्ट; बदरीनाथ हाईवे मलबा आने से बंद

उत्तराखंड मौसम: उत्तराखंड में मॉनसून ने जोरदार दस्तक दे दी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जबकि पहाड़ी जिलों में भारी वर्षा का दौर जारी है। चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश के चलते जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। वहीं, बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग गुलाबकोटी के पास मलबा और सड़क धंसने के कारण बंद हो गया है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
अलकनंदा और मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन सतर्क
रुद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (DDMO) नंदन सिंह राजवार ने बताया कि ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में जलस्तर 622 मीटर पर है, जबकि चेतावनी स्तर 626 मीटर और खतरे का स्तर 627 मीटर निर्धारित किया गया है। प्रशासन लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है।
व्हाट्सएप और सार्वजनिक घोषणाओं से जारी होंगे अलर्ट
प्रशासन ने बताया कि जैसे ही नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर तक पहुंचेगा, व्हाट्सएप ग्रुप, सार्वजनिक उद्घोषणा वाहनों और जमीनी टीमों के माध्यम से लोगों को तुरंत सतर्क किया जाएगा। नदी किनारे रहने वाले लोगों और चारधाम यात्रियों से अनावश्यक रूप से नदी तट और संवेदनशील क्षेत्रों में न जाने की अपील की गई है।
4 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रुद्रप्रयाग जिले में 4 जुलाई तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि हरिद्वार, उत्तरकाशी और चमोली जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।
गुलाबकोटी में बंद हुआ बदरीनाथ हाईवे
भारी बारिश के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग गुलाबकोटी क्षेत्र में मलबा आने और सड़क धंसने से बंद हो गया है। संबंधित विभाग सड़क से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने में जुटे हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश राहत कार्य में बाधा बन रही है। हाईवे बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



