व्यायाम करते-करते गिरीश भट्ट की थमी सांसें, एसओजी जवान का निधन

चंपावत: जिले के बनबसा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। चंपावत एसओजी में तैनात एक जवान की जिम में व्यायाम करने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार गिरीश भट्ट (38 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय जयदेव भट्ट, निवासी भजनपुर बनबसा, सोमवार शाम बनबसा स्थित एक जिम में नियमित रूप से व्यायाम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान की मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
गिरीश भट्ट चंपावत एसओजी के तेजतर्रार और सक्रिय जवानों में गिने जाते थे। कई महत्वपूर्ण पुलिस अभियानों में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। उनकी अचानक मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक जवान अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी गृहिणी हैं। गिरीश भट्ट मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के निवासी थे और वर्तमान में बनबसा में रह रहे थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव, पुलिस अधिकारियों, जवानों, व्यापार मंडल बनबसा तथा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मंगलवार को बनबसा स्थित शारदा घाट श्मशान में गिरीश भट्ट का अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।




