उत्तराखण्ड

हरिद्वार में तेज रफ्तार बस ने मचाई तबाही, ऑटो चालक का हाथ कटा; चार कारें भी क्षतिग्रस्त

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार निजी बस ने जमकर कहर बरपाया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो चालक का हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से जौलीग्रांट स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ। बस ने अस्पताल के बाहर सड़क किनारे खड़े वाहनों को भी टक्कर मार दी। हादसे में एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बस की चपेट में आने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ नहीं थी।

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों को भी टक्कर मारता चला गया।

हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं, निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर, गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने बस चालक विपिन कुमार सैनी, निवासी सहारनपुर और हाल निवासी सीतापुर ज्वालापुर, को हिरासत में ले लिया है। बस को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर किया गया है। बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button