“केंद्र में इस्तीफा हुआ तो उत्तराखंड में भी हो” – धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर हरक सिंह रावत का बयान

देहरादून : NEET-UG पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तराखंड कांग्रेस ने इसे छात्रों की जीत बताया है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि छात्रों के लंबे आंदोलन के बाद आखिरकार न्याय हुआ है।
हरक सिंह रावत ने कहा कि जंतर-मंतर से लेकर देश के हर कोने में युवाओं ने इस मुद्दे पर आवाज उठाई। देहरादून में भी आज कांग्रेस ने उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी में हुए पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
राहुल गांधी और छात्रों को दिया श्रेय
हरक सिंह रावत ने कहा कि इस लड़ाई को आगे बढ़ाने में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अहम भूमिका रही। उन्होंने संसद से लेकर सड़क तक छात्रों का मुद्दा उठाया। वहीं छात्र और युवा भी आंदोलन में डटे रहे।
उन्होंने कहा कि आज की जीत युवाओं की जीत है और राहुल गांधी की भी जीत है।
उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री से भी इस्तीफे की मांग
हरक सिंह रावत ने केंद्र के फैसले का हवाला देते हुए उत्तराखंड सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मंजूर हो सकता है तो उत्तराखंड में भी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत को पद छोड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य में तकनीकी शिक्षा के दो पेपर लीक हो चुके हैं। इसी को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस ने प्रदर्शन कर धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं दे देते।
सरकार का अहम टूटा
हरक सिंह रावत ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का सबूत है कि सरकार का अहम टूट गया है। छात्रों की ताकत के आगे सरकार को झुकना पड़ा। अब उसी तर्ज पर राज्य सरकार को भी कदम उठाना चाहिए।




