उत्तराखण्ड

प्रेम नगर के जामुनवाला जंगल में कूड़े के ढेर पर मिला महिला का शव, हत्या की आशंका

प्रेम नगर के जामुनवाला जंगल में कूड़े के ढेर पर मिला महिला का शव, हत्या की आशंका

चेहरे और गले पर मिले गहरे घाव के निशान, शव की नहीं हो सकी शिनाख्त

एसएसपी के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित

देहरादून। राजधानी के प्रेम नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामुनवाला के जंगल में बुधवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव जंगल के भीतर कूड़े के ढेर पर पड़ा हुआ था। महिला के चेहरे और गले पर गहरे घाव के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने प्रथमदृष्टया महिला की कहीं और हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई है। फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

पुलिस कंट्रोल रूम को बुधवार को सूचना मिली कि जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर के पास एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही प्रेम नगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसके बारे में कोई सुराग नहीं लग सका। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और स्थानीय पुलिस से मामले की पूरी जानकारी ली। एसएसपी देहरादून ने मामले के जल्द अनावरण के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों को खंगालने के साथ ही क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button