उत्तराखंड में भारी बारिश-बर्फबारी के बाद सभी ट्रैक रूटों पर रोक, गौमुख-तपोवन समेत कई क्षेत्र बंद

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी के बाद ट्रैक रूटों पर खतरा बढ़ गया है। पर्यटकों, ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों की सुरक्षा को देखते हुए गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान प्रशासन ने गौमुख-तपोवन, केदारताल और गरतांग गली समेत पार्क क्षेत्र के सभी ट्रैक रूटों पर अग्रिम आदेश तक आवाजाही पर रोक लगा दी है।
पार्क प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार 26 और 27 सितंबर को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश के साथ भारी हिमपात हुआ। इसके चलते गंगोत्री-गौमुख-तपोवन, गरतांग गली, केदारताल समेत पार्क क्षेत्र के विभिन्न ट्रैक रूटों की स्थिति जोखिमपूर्ण हो गई है।
भारी बर्फबारी के कारण कई स्थानों पर रास्तों पर बर्फ जमने, फिसलन बढ़ने और मार्ग बाधित होने की आशंका है। वहीं, विभिन्न पर्वत चोटियों पर भी भारी हिमपात होने से पर्वतारोहण के लिए जाने वाले लोगों के सामने मौसम और मार्ग की चुनौती बढ़ गई है।
मौसम की खराब परिस्थितियों और ट्रैक रूटों पर बढ़े जोखिम को देखते हुए पार्क प्रशासन ने पर्यटकों, ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पार्क क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है। यह रोक अग्रिम आदेश तक लागू रहेगी।



