हरिद्वार में कई जगहों के नाम बदलने का प्रस्ताव, गंगा द्वीप होगा चमगादड़ टापू

हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार की बोर्ड बैठक में शहर के कई प्रचलित क्षेत्रों के नाम बदलने समेत पार्किंग, विज्ञापन, अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था और निगम की संपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। एजेंडे में शामिल प्रस्तावों में चमगादड़ टापू का नाम गंगा द्वीप, रोड़ी बेलवाला का हरि वन, गड्ढा पार्किंग का अलकनंदा पार्किंग, उत्तम बस्ती का उत्तम नगर और कबाड़ी बस्ती का सुंदर बस्ती किए जाने का प्रस्ताव शामिल है।
नगर निगम के एजेंडे के अनुसार, इन क्षेत्रों को नए और उचित नाम दिए जाने के उद्देश्य से नाम परिवर्तन का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा निगम से जुड़े लंबित वादों के त्वरित निस्तारण के लिए विधि प्रकोष्ठ के गठन और किन्नर बधाई शुल्क निर्धारण के लिए उपविधि बनाए जाने पर भी विचार किया गया।
संपत्ति अनुभाग से जुड़े प्रस्तावों में महापौर कार्यालय परिसर में अतिथिगृह, व्यावसायिक कांप्लेक्स और गंगा म्यूजियम बनाने का प्रस्ताव शामिल है। वहीं पुरानी कचहरी में अतिथिगृह अथवा व्यावसायिक कांप्लेक्स के निर्माण पर भी विचार किया गया।
नगर निगम क्षेत्र की सभी पार्किंग की निविदा का अधिकार नगर निगम हरिद्वार में निहित करने तथा क्षेत्र में लगने वाले यूनिपोल विज्ञापनों का अधिकार भी निगम के अधीन करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही शहर में डिवाइडर पोल और विभिन्न कंपनियों के लटके तारों को हटाने, नगर निगम की सीमाओं पर स्वागत द्वार बनाने और पन्नालाल भल्ला म्यूनिसिपल कॉलेज परिसर में विधि महाविद्यालय अथवा उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित करने से जुड़े प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल रहे।
ग्राम सराय स्थित खरीदी गई भूमि की सेल डीड निरस्त करने और भूमि खरीद के लिए भुगतान की गई धनराशि नगर निगम के खाते में वापस प्राप्त करने संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
इसके अलावा मां मनसा देवी रोपवे के संचालन एवं अनुरक्षण की अवधि बढ़ाने और आगामी निविदा प्रक्रिया पूरी होने तक अवधि बढ़ाए जाने से संबंधित मामला भी बोर्ड के समक्ष रखा गया। हालांकि, बैठक में ऊषा ब्रेको की ओर से रोपवे की समयसीमा बढ़ाने का अनुरोध बोर्ड ने निरस्त कर दिया।




