उत्तराखण्ड

बागेश्वर में नवरात्र के बीच मां भगवती मंदिर में लगी आग, मुख्य मंदिर को भारी नुकसान

बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की कपकोट तहसील के दूरस्थ बदियाकोट स्थित मां भगवती मंदिर में नवरात्र के बीच आग लगने से हड़कंप मच गया। आग से मंदिर के मुख्य ढांचे को भारी नुकसान पहुंचने की सूचना है। लकड़ी से बने मंदिर में आग तेजी से फैल गई, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है।

बदियाकोट स्थित मां भगवती मंदिर धार्मिक आस्था के साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रमुख केंद्र रहा है। लकड़ी पर आकर्षक नक्काशी से सुसज्जित इस मंदिर में नवरात्र के दौरान श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पर्व के बीच मंदिर में आग लगने की घटना से स्थानीय लोग व्यथित हैं।

स्थानीय निवासी आन सिंह के अनुसार, मंदिर का ढांचा मुख्य रूप से लकड़ी से बना था। इस कारण आग से अधिक नुकसान होने की आशंका है। मंदिर में बिजली की व्यवस्था थी और पूजा के दौरान दीपक भी जलाए जाते थे। ऐसे में शॉर्ट सर्किट या दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

बदियाकोट कपकोट से करीब 50 किलोमीटर दूर हिमालयी क्षेत्र में स्थित है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां अग्निशमन सेवाओं की उपलब्धता भी नहीं है। मंदिर को हुए नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

नवरात्र के बीच क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थल को पहुंचे नुकसान से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में चिंता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button