गोपेश्वर में जंगल की आग का कहर, सड़क किनारे खड़ी कार जलकर राख, बारिश से मिली राहत

गोपेश्वर : चमोली जिले के गोपेश्वर नगर स्थित पठियालधार क्षेत्र में जंगल की आग ने बड़ा नुकसान पहुंचाया। नर्सिंग कॉलेज के आसपास फैली आग की चपेट में सड़क किनारे खड़ी एक कार आ गई, जिससे कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि समय रहते आसपास खड़े करीब 20 वाहनों को वहां से हटा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बीते कई दिनों से चमोली जिले के विभिन्न जंगलों में आग लगातार फैल रही थी। बदरीनाथ वन प्रभाग की नंदप्रयाग-चमोली रेंज, केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की गोपेश्वर रेंज और धनपुर रेंज में आग तेजी से फैलने के कारण चारों ओर धुआं छाया हुआ था। इससे तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
इसी बीच गुरुवार दोपहर बाद हुई बारिश राहत लेकर आई। जिले में कई स्थानों पर लगी जंगल की आग बारिश के चलते बुझ गई, जिससे वातावरण में फैला धुआं भी काफी हद तक साफ हो गया। वन विभाग और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
वहीं सोनला पेट्रोल पंप के पास जंगलों में लगी आग के कारण पहाड़ी से पत्थर टूटकर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरने लगे। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और कई वाहन चालक बाल-बाल बच गए। सुरक्षा के मद्देनजर करीब आधे घंटे तक यातायात रोका गया।
सूचना मिलने पर अपर उप निरीक्षक जतन राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं सड़क पर गिरे पत्थरों को हटवाया और हाईवे को सुरक्षित कर यातायात दोबारा सुचारु कराया। प्रशासन ने लोगों से जंगलों में आग की घटनाओं की सूचना तुरंत देने की अपील की है।



