उत्तराखण्ड

गुच्चूपानी में अचानक बड़ा जलस्तर, नदी में फंसे हुए 7 पर्यटकों का SDRF ने किया सुरक्षित रेस्क्यू !

देहरादून। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुच्छुपानी (डाकू की गुफा)) में गुरुवार शाम अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से 7 पर्यटक बीच धारा में फंस गए। समय रहते सूचना मिलने पर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब 4:18 बजे आपदा कंट्रोल रूम के माध्यम से SDRF को सूचना मिली कि गुच्चूपानी क्षेत्र में कुछ पर्यटक फंसे हुए हैं। शुरुआती सूचना में 3 लोगों के फंसे होने की बात कही गई थी, लेकिन टीम के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद कुल 7 लोग नदी के बीच टापू जैसी स्थिति में फंसे पाए गए।

SDRF पोस्ट Sahastradhara से अपर उपनिरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल रवाना हुई। नदी का बहाव तेज होने के कारण पर्यटक घबराए हुए थे और स्थिति गंभीर बनी हुई थी।

रेस्क्यू टीम ने सतर्कता और रणनीति के साथ अभियान चलाते हुए सभी पर्यटकों को एक-एक कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सभी को सुरक्षित निकाल लिए जाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

रेस्क्यू किए गए व्यक्तियों में रोहित (27) निवासी डोईवाला, मनीष (41) निवासी ऋषिकेश, सागर थापा (22) निवासी डोईवाला, अंकित (40) निवासी काली चौक, नवजोत (31) निवासी प्रेमनगर, सौरभ सिंह (27) निवासी देहरादून तथा मनीष (32) निवासी डोईवाला शामिल हैं।

गौरतलब है कि गुच्चूपानी और सहस्त्रधारा क्षेत्र में अचानक जलस्तर बढ़ना आम बात है। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी किनारे और बीच धारा में जाने से बचें तथा मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सतर्कता बरतें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button