उत्तराखण्ड

बारिश और कोहरे के बीच गूंज रहा ‘हर हर महादेव’, केदारनाथ में श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा प्रशासन की निगरानी में सुचारु रूप से संचालित हो रही है। केदारनाथ धाम में अब तक 14,14,590 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। लगातार बारिश और घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है और बड़ी संख्या में यात्री धाम पहुंच रहे हैं।

 

केदारनाथ धाम में इन दिनों लगातार बारिश और कोहरे के चलते ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी बनाए हुए है, जिससे यात्रा व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।

 

वहीं, बदरीनाथ धाम में भी सुबह से कोहरा और हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण यहां श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी देखी गई है। हालांकि, दर्शन व्यवस्था सुचारु है और श्रद्धालु बिना किसी बड़ी परेशानी के भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं।

 

इधर, रुद्रप्रयाग में बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा मार्ग को अधिक सुगम बनाने के लिए निर्माणाधीन मोटर ब्रिज और टनल परियोजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से लगभग 900.30 मीटर और 200 मीटर लंबे मोटर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने ₹156 करोड़ की स्वीकृति दी है।

 

विभाग के अनुसार, केदारनाथ और बदरीनाथ हाईवे को जोड़ने वाले ब्रिज और टनल का करीब 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही पुल की लोड टेस्टिंग की जाएगी, जिसके बाद अगस्त में इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोलने की तैयारी है।

 

परियोजना के शुरू होने के बाद चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सुरक्षित और बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

 

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि टनल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि पुल का काम तेजी से अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि अगस्त के अंत तक पुल की ट्रायल टेस्टिंग शुरू होने की उम्मीद है। टनल और पुल के जुड़ने के बाद यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button