उत्तराखण्ड

दुष्यंत कुमार गौतम समेत प्रमुख हस्तियों के खिलाफ मानहानि के आरोप, उर्मिला सनावर पर फिर से FIR दर्ज

देहरादून। सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम और अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित असत्य और मानहानिकारक बयान प्रसारित करने के मामले में कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मोती बाजार निवासी सागर की शिकायत पर पुलिस ने 25 अक्तूबर की रात मामला दर्ज किया है। मामले में उर्मिला सनावर पर वीडियो में आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस वीडियो प्रसारित करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

शिकायत के अनुसार, हरिद्वार रोड स्थित सीबीआई कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो पर सुजाता पॉल का लोगो लगा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के कैमरों और माइक के सामने सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, बीएल संतोष और आरती गौड़ के खिलाफ बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के आपत्तिजनक और मानहानिकारक व्यक्तिगत आरोप लगा रही हैं।

शिकायत में कहा गया है कि इस तरह के बयान प्रसारित होने से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही समाज में भ्रम, आक्रोश और वैमनस्य फैलने की आशंका भी जताई गई है।

चार धाराओं में प्राथमिकी दर्ज

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट के निर्देश पर मामले की जांच उपनिरीक्षक राकेश रावत को सौंपी गई है।

पुलिस वीडियो की सामग्री, उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button