छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप पर स्कूल में विवाद, NSUI ने किया प्रदर्शन, आरोपी शिक्षक ने सोशल मीडिया पर दी सफाई

देहरादून। देहरादून के एक निजी स्कूल में छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार को एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन कर हंगामा किया। प्रदर्शनकारी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और आरोपी शिक्षक पर मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से गठित चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के समझाने के बाद छात्रा ने पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।
मामले में स्कूल के फिजिक्स शिक्षक पर छात्रा के साथ बैड टच करने का आरोप लगाया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने छात्रा और उसके अभिभावकों से संपर्क किया। सामाजिक परिस्थितियों के चलते परिवार शुरुआत में सामने नहीं आ रहा था, लेकिन कमेटी की ओर से समझाए जाने के बाद तहरीर दी गई। अब पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि छात्र संगठनों की ओर से भी प्रदर्शन किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से सहयोग नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को छात्र संगठन की ओर से ज्ञापन मिलता है तो मामले की जांच कराकर शिक्षा विभाग के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूलों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाली शिकायत का दावा
पीड़ित परिवार के अनुसार, 23 अक्टूबर को छात्रा और उसकी मां ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन से शिक्षक के खिलाफ शिकायत की थी। परिवार का दावा है कि शिकायत पत्र पर 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। आरोप है कि 15 अक्टूबर को भी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दी गई थी, जिस पर प्रबंधन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। हालांकि, परिवार का आरोप है कि बाद में छात्रा पर दबाव बनाया गया और स्कूल के डायरेक्टर ने भी शिक्षक का पक्ष लिया।
परिवार ने आरोपी शिक्षक को बर्खास्त करने और स्कूल के डायरेक्टर से असेंबली में सभी विद्यार्थियों के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने की मांग की है। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
आरोपी शिक्षक ने सोशल मीडिया पर रखा पक्ष
आरोपी शिक्षक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनके 25 साल के अध्यापन करियर में पहली बार इस तरह के आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि वह सभी बच्चों के साथ अपने बेटे-बेटियों की तरह व्यवहार करते हैं। शिक्षक ने यह भी कहा कि यदि किसी बच्चे को लगता है कि उनसे कोई गलती हुई है तो वह उसके लिए क्षमा मांगते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले में तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया में है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।




