उत्तराखण्ड

देवप्रयाग के पास खाई में गिरी कार, दो की मौत और तीन घायल

श्रीनगर: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देवप्रयाग के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही हरियाणा नंबर की वैगनआर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, कार में चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। हादसा देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास हुआ। यहां कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलने पर देवप्रयाग पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ की टीम ने भी अभियान में सहयोग किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान तीन घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी बागी, देवप्रयाग पहुंचाया गया। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

कीर्तिनगर के एसडीएम पंकज भट्ट के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे में मृतकों और घायलों के नाम

मृतक:

– सत्येश्वरी देवी (72 वर्ष), पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली।

– अनिल, पुत्र सुदर्शन, निवासी किमोली, जिला चमोली। वह कार चला रहे थे।

घायल:

– उत्तम सिंह (33 वर्ष), पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग।

– टीशा रावत (18 वर्ष), पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना रुद्रप्रयाग, जिला रुद्रप्रयाग।

– सुनीता देवी (45 वर्ष), पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना रुद्रप्रयाग, जिला रुद्रप्रयाग।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button