उत्तराखण्डचारधाम यात्रा

केदारनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, चार दिन में सवा लाख ने किए दर्शन

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में बाबा केदार के दर्शनों के लिए तीर्थयात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। कपाट खुलने के बाद मात्र चार दिनों में ही दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या सवा लाख पार कर चुकी है। भगवान भैरवनाथ के कपाट खुलने के बाद अब केदारनाथ मंदिर में सांयकालीन आरती भी शुरू हो गई है, साथ ही श्रृंगार दर्शन की व्यवस्था भी लागू कर दी गई है।

सुबह 4 बजे से स्पर्श दर्शन की सुविधा

मंदिर में सुबह 4 बजे से गर्भगृह में स्पर्श दर्शन की सुविधा दी जा रही है। श्रद्धालु बाबा केदार के स्वयंभू लिंग को स्पर्श कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। स्पर्श दर्शन की अनुमति दोपहर 12 बजे तक रहती है। इसके बाद मंदिर में साफ-सफाई, भगवान को भोग अर्पित करने और श्रृंगार की प्रक्रिया की जाती है।

दोपहर बाद गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं होती और श्रद्धालु सभा मंडप से श्रृंगार दर्शन करते हैं।

रात 10 बजे तक कराए जा रहे दर्शन

सांयकालीन आरती से पहले तक नियमित दर्शन जारी रहते हैं। यदि श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होती है और लाइन लंबी रहती है तो रात 10 बजे तक दर्शन कराए जाते हैं। दर्शन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मध्य रात्रि में गर्भगृह में विशेष पूजाएं संपन्न कराई जाती हैं। इसके बाद अगले दिन सुबह 4 बजे से पुनः आम दर्शन शुरू हो जाते हैं।

दर्शन व्यवस्था को लेकर प्रयास जारी

बीते कुछ वर्षों से केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे दर्शन के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। प्रशासन और बदरी-केदार मंदिर समिति हर वर्ष बेहतर दर्शन व्यवस्था के लिए प्रयासरत रहती है।

बदरी-केदार मंदिर समिति के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि प्रत्येक यात्री को सुगम और बेहतर दर्शन मिलें, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं और आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button