उत्तराखण्ड

देहरादून साइबर ठगी मामले में पंजाब से आरोपी गिरफ्तार, 55 लाख से अधिक की धोखाधड़ी

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने 55 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में पंजाब से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज और खुद को सेबी (SEBI) पंजीकृत सलाहकार बताकर निवेश के नाम पर लोगों को ठगने वाले साइबर अपराधियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी करने का आरोप है। एसटीएफ के अनुसार, ठगी की रकम में से करीब छह लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे।

एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक, आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ साइबर अपराध से जुड़ी छह अन्य शिकायतें भी दर्ज मिली हैं। पुलिस अब इन शिकायतों के आधार पर आरोपी के बैंक खाते से जुड़े अन्य वित्तीय लेनदेन और संभावित साइबर अपराधों की भी जांच कर रही है।

मामले में देहरादून के पंडितवाड़ी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, साइबर ठगों ने पीड़ित को SBSBL Community/VIP Community नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा था। ग्रुप में आरोपी और अन्य लोग खुद को सेबी पंजीकृत सलाहकार बताकर निवेश और ट्रेडिंग से जुड़ी जानकारी देते थे।

पुलिस के अनुसार, साइबर ठगों ने फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज, डिमैट अकाउंट और CDSL/NSDL के नकली दस्तावेज दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 55 लाख 50 हजार रुपये जमा कराए गए। ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया।

एसटीएफ के मुताबिक, विवेचना के दौरान ठगी की रकम जिन बैंक खातों में पहुंची, उनकी जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मनी ट्रेल के आधार पर पंजाब के फाजिल्का निवासी सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से करीब छह लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे।

इसके बाद एसटीएफ की टीम ने पंजाब में दबिश देकर आरोपी को फाजिल्का क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित छह अन्य शिकायतें दर्ज हैं। एसटीएफ अब इन शिकायतों और आरोपी के खाते से जुड़े अन्य लेनदेन की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू, पुत्र चिमन सिंह, निवासी शहीद भगत सिंह नगर, चक मन्नेवाला, नजदीक नूर्समंद दरगाह, थाना सिटी जलालाबाद, जिला फाजिल्का, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 26 वर्ष बताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button