उत्तराखण्ड

देहरादून में राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- पेपर लीक सिस्टम पर माफिया का कब्जा, परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को देहरादून के रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की परीक्षा प्रणाली पर ऊपर से नीचे तक माफिया का कब्जा है, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

 

राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था एक “भ्रष्टाचार का पिरामिड” बन चुकी है। उनके मुताबिक इसके शीर्ष पर मंत्रालय और बड़े अधिकारी हैं, जिनके नीचे एनटीए जैसी परीक्षा एजेंसियां काम करती हैं। वहीं सबसे निचले स्तर पर पेपर तैयार करने वालों, प्रिंटिंग, ट्रांसपोर्ट और कोचिंग सेंटरों से जुड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जो पेपर लीक जैसी घटनाओं को अंजाम देता है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान युवाओं की समस्याओं के बजाय अन्य मुद्दों पर रहता है। राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के नेताओं का कैमरा सेलिब्रिटी की शादियों और अफ्रीका से चीते लाने तक तो पहुंच जाता है, लेकिन पेपर लीक से बर्बाद हो रहे छात्रों के भविष्य पर नहीं।

 

परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए दिए तीन सुझाव

 

राहुल गांधी ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए तीन प्रमुख सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि:

 

छात्र-केंद्रित और लचीली परीक्षा प्रणाली लागू की जाए, जिसमें परीक्षाएं एक ही दिन के बजाय कई चरणों में हों और प्रश्नपत्र रैंडमाइज किए जाएं।

 

परीक्षा आयोजित कराने का कार्य निजी एजेंसियों के बजाय सरकार के नियंत्रण में हो तथा एनटीए में निष्पक्ष और गैर-राजनीतिक लोगों की नियुक्ति की जाए।

 

पेपर लीक होने पर तुरंत पुनर्परीक्षा कराई जाए और प्रभावित छात्रों को उचित मुआवजा दिया जाए।

 

 

मंच से दिखाया ‘पेपर लीक का मेन्यू’

 

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने चार छात्रों के हाथों में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं से जुड़े पोस्टर पकड़वाकर कहा कि आज पेपर लीक का भी एक “रेट कार्ड” बन गया है। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताया।

 

बारिश के बावजूद जुटे छात्र

 

कार्यक्रम से पहले हुई तेज बारिश के कारण आयोजन स्थल पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई थी। हालांकि वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था के चलते कार्यक्रम निर्धारित समय पर संपन्न हुआ और बड़ी संख्या में छात्र व कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

कांग्रेस में दिखी एकजुटता

 

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता एकजुट नजर आए। कार्यक्रम की सफलता पर गोदियाल ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button