उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीतिक

36 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कर्मियों का मानदेय बढ़ेगा, विधानसभा में सीएम धामी की घोषणा

देहरादून। उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान प्रदेश की 36 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कर्मियों का मानदेय जल्द बढ़ाने की घोषणा की।

सत्र के दौरान विपक्ष ने सरकार पर आंगनबाड़ी कर्मचारियों का मानदेय न बढ़ाने और शोषण करने का आरोप लगाया। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ियों में कार्यरत बहनों का मानदेय पहले भी उनकी सरकार ने बढ़ाया है और आगे भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के प्रति संवेदनशील है और उन्हें हर मोर्चे पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

शोषण के आरोपों पर सियासत

बसपा विधायक शहजाद ने सदन में सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर भाजपा महिला अधिकारों की बात करती है, वहीं 14 मार्च को आंगनबाड़ी कर्मचारियों पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को पर्याप्त लाभ नहीं दिया गया।

मुख्यमंत्री ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कर्मियों के हितों के प्रति गंभीर है और पूर्व में भी उनका मानदेय बढ़ाया जा चुका है। आगे भी इस पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

वर्तमान स्थिति क्या है?

प्रदेश में 20,070 पदों के सापेक्ष 19,533 आंगनबाड़ी कर्मी कार्यरत हैं, जबकि 17,411 सहायिकाएं तैनात हैं। वर्तमान में आंगनबाड़ी कर्मियों को 9,300 रुपये प्रतिमाह और सहायिकाओं को 5,200 रुपये मानदेय दिया जाता है। पिछली बार दो नवंबर 2021 को कर्मियों का मानदेय 1,800 रुपये और सहायिकाओं का 1,500 रुपये बढ़ाया गया था।

महिला आरक्षण पर भी गरमाई राजनीति

इसी बीच महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी प्रदेश में सियासत तेज रही। देहरादून में कांग्रेस ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए आक्रोश मार्च निकाला, जबकि भाजपा ने मशाल यात्रा निकालकर महिला सशक्तिकरण के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया।

कांग्रेस का कहना है कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने में देरी लोकतंत्र के मूल्यों के खिलाफ है, जबकि भाजपा ने इसे महिला सशक्तिकरण के समर्थन में जनआंदोलन बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button