बदरीनाथ चढ़ावा विवाद: कांग्रेस ने हनुमान मंदिर में किया सामूहिक पाठ, सरकार पर साधा निशाना

पौड़ी: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी और अयोध्या राम मंदिर से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने कीर्तिनगर में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले पैदल मार्च निकाला और इसके बाद हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर धार्मिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीर्तिनगर के नए पुल से पुराने पुल तक पैदल मार्च निकालते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया और देश में सत्य, न्याय तथा पारदर्शिता की स्थापना की प्रार्थना की।
जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम मंदिर, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। ऐसे में यदि इन धार्मिक स्थलों से जुड़े चंदे या संपत्ति में किसी भी प्रकार की अनियमितता के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर जनता के विश्वास के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि धार्मिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय मामलों की स्वतंत्र जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे के उपयोग का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक किया जाना चाहिए, जिससे लोगों का विश्वास बना रहे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय समर्थक मौजूद रहे।
गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के मामले की जांच जारी है। शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय जांच समिति के अध्यक्ष आनंद स्वरूप ने हाल ही में बदरीनाथ धाम पहुंचकर दान प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण किया था। वहीं, मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।




