उत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून में किन्नरों की बधाई राशि तय, ₹5,100 से ज्यादा मांगने पर होगी कार्रवाई

देहरादून | नगर निगम देहरादून की चतुर्थ बोर्ड बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान किन्नरों द्वारा मांगी जाने वाली बधाई धनराशि की अधिकतम सीमा ₹5,100 निर्धारित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। तय सीमा से अधिक धनराशि मांगने पर कार्रवाई किए जाने का निर्णय लिया गया है।

65 प्रस्तावों पर अधूरी रही चर्चा

बोर्ड बैठक हंगामेदार रही। कुल 65 प्रस्तावों पर चर्चा प्रस्तावित थी, लेकिन बीजेपी और कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक के कारण सभी प्रस्तावों पर चर्चा पूरी नहीं हो सकी। अब शेष प्रस्तावों पर विचार के लिए गुरुवार सुबह 11 बजे पुनः बैठक आयोजित की जाएगी।

सफाई कर्मियों को राहत

बैठक में नगर निगम के सफाई कर्मियों (पर्यावरण मित्रों) का मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव भी पास किया गया। दैनिक मानदेय ₹500 से बढ़ाकर ₹800 प्रतिदिन करने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रत्येक वार्ड में पर्यावरण मित्रों का समान वितरण सुनिश्चित करने की घोषणा की गई।

पिछली बैठक में अटका था प्रस्ताव

किन्नरों की बधाई राशि निर्धारित करने का प्रस्ताव पिछली बोर्ड बैठक में भी रखा गया था, लेकिन तब इसे मंजूरी नहीं मिल पाई थी। इस बार विस्तृत चर्चा के बाद प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया गया।

मेयर ने क्या कहा?

मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि चौथी बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किन्नरों द्वारा मांगी जाने वाली बधाई धनराशि अधिकतम ₹5,100 निर्धारित की गई है। साथ ही अन्य लंबित प्रस्तावों पर चर्चा के लिए अधिवेशन गुरुवार को दोबारा शुरू होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button