उत्तराखण्ड

हरिद्वार में बारिश के बीच उमड़ा आस्था का सैलाब, कांवड़ यात्रा के आखिरी दिन 3.80 करोड़ शिवभक्त रवाना

हरिद्वार: कांवड़ यात्रा के आखिरी दिन सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हाईवे, कांवड़ मार्गों और शहर की आंतरिक सड़कों पर कांवड़ियों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। बारिश के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ और गंगाजल लेकर कांवड़िए लगातार अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए।

 

बारिश में भी नहीं थमे कांवड़ियों के कदम

 

सोमवार सुबह करीब आठ बजे हरिद्वार में बारिश शुरू हो गई। इसके बावजूद कांवड़ियों की आवाजाही पर कोई खास असर नहीं पड़ा। बड़ी संख्या में शिवभक्त बारिश में भीगते हुए गंगाजल लेकर आगे बढ़ते रहे।

 

कांवड़ मेले के अंतिम चरण में डाक कांवड़ वाहनों की आवाजाही भी लगातार जारी है। दोपहिया वाहनों से भी बड़ी संख्या में कांवड़िए अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। हरिद्वार-नजीबाबाद, हरिद्वार-दिल्ली समेत प्रमुख मार्गों पर कांवड़ वाहनों का दबाव बना हुआ है।

 

हरिद्वार के शिवालयों में भी उमड़ी भीड़

 

सोमवार को सावन का दूसरा सोमवार होने के कारण हरिद्वार के प्रमुख शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। हरकी पैड़ी, कनखल स्थित दक्ष मंदिर, बिल्केश्वर मंदिर समेत अन्य शिवालयों में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे।

 

श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। पूरे शहर में ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे।

 

अब तक 3.80 करोड़ से ज्यादा कांवड़िए रवाना

 

प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक कांवड़ मेला शुरू होने से सोमवार तक 3 करोड़ 80 लाख 18 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं।

 

पिछले साल कांवड़ मेले में करीब चार करोड़ कांवड़ियों के हरिद्वार पहुंचने का अनुमान था। इस बार यह संख्या करीब पांच करोड़ तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। इसी को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाएं की हैं।

 

बारिश के बीच एसएसपी ने संभाली कमान

 

कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। चौक-चौराहों और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

 

हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर भी बारिश के बीच विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन की ओर से यातायात, सुरक्षा और कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।

 

फिलहाल बारिश के बीच भी डाक कांवड़ वाहनों की रवानगी जारी है। वहीं, दोपहिया वाहनों से आने वाले कांवड़िए भी हरिद्वार पहुंच रहे हैं और हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button