उत्तराखण्ड

बसौटी के पास दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी कार; दो लोगों की हालत गंभीर

चंपावत। जिले के लोहाघाट तहसील क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाराकोट के गल्लागांव-देवलीमाफी मोटर मार्ग पर बसौटी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार ढटी गांव निवासी नवीन कुमार (44) पुत्र महेश राम अपने 18 वर्षीय बेटे सुनील कुमार के साथ अल्टो कार संख्या UK 03 2484 से लोहाघाट से अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे बसौटी के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण सड़क पर मलबा और कीचड़ जमा था, जिससे वाहन फिसल गया और हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

 

ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए गहरी खाई में उतरकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। बचाव अभियान में ललित सिंह बोहरा, गिरीश सिंह, गोपाल सिंह, सुरेश सिंह, मुकेश राम, नरेश राम, सुमन और भावना समेत कई स्थानीय लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

घायलों को तत्काल उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने उनका उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

 

अस्पताल पहुंचे जनप्रतिनिधि

हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे। सांसद Ajay Tamta, विधायक Khushal Singh Adhikari, एसडीएम नीतू डांगर, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा और दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली सहित कई लोगों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।

 

फिलहाल दोनों घायलों का उपचार हायर सेंटर में जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button