उत्तराखण्ड

राष्ट्रपति मुर्मू का केदारनाथ दौरा फाइनल, जानिए कब पहुंचेंगी देहरादून और कब करेंगी पूजा

देहरादून। केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद हो रहे हैं। इससे ठीक 9 दिन पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बाबा केदार का आशीर्वाद लेने केदारनाथ पहुंचेंगी। उनका दौरा तय हो गया है। इसको लेकर शासन से लेकर जिला प्रशासन तक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

कैसा रहेगा राष्ट्रपति का कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 नवंबर को शाम करीब 4:45 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। एयरपोर्ट पर प्रोटोकॉल के तहत स्वागत के बाद वे देहरादून स्थित लोक भवन (राजभवन) के लिए रवाना होंगी।

यहां उनकी उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन से मुलाकात होगी। राष्ट्रपति लोक भवन में ही रात्रि विश्राम करेंगी।

अगले दिन 2 नवंबर को सुबह राष्ट्रपति लोक भवन से हेलीपैड के लिए रवाना होंगी और हेलीकॉप्टर से सीधे केदारनाथ धाम पहुंचेंगी। यहां करीब एक घंटे रुकने के दौरान वे बाबा केदार की पूजा-अर्चना करेंगी और मंदिर के पुजारियों व तीर्थ पुरोहितों से मुलाकात भी कर सकती हैं। दर्शन के बाद वे जौलीग्रांट एयरपोर्ट लौटेंगी और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। बताया जा रहा है कि यह उनका निजी दौरा होगा।

कपाट बंद होने से पहले यात्रा ने बनाया रिकॉर्ड

केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे बंद किए जाएंगे। इस साल चारधाम यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 20 अक्टूबर तक के आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ में करीब 17.6 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। अंतिम चरण में भी यात्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, हेलीकॉप्टर संचालन, आवागमन और प्रोटोकॉल को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया है। केदारनाथ की ऊंचाई और मौसम की संवेदनशीलता को देखते हुए हवाई संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button